छह गायों से 50 लाख के कारोबार तक, यमकेश्वर के हरेन्द्र ने पहाड़ में रची स्वरोजगार की नई इबारत, आचार्य बालकृष्ण हुए मुरीद

harendra blog 2 pic

-मिस्त्री का काम करने वाले हरेन्द्र ने अपने हुनर, प्रयोगों और संकल्प से खड़ी की 30 गायों की गौशाला, असफलताओं से कभी घबराये नहीं

-पांच-छह लोगों को दिया रोजगार, साइलेज, जैविक खेती और तकनीकी नवाचार से तैयार किया, आचार्य बालकृष्ण दुनिया के सामने ले आये

पहाड़ों से पलायन की तस्वीरें अक्सर चिंता पैदा करती हैं। रोजगार की तलाश में युवा गांव छोड़ रहे हैं, खेती की जमीन बंजर हो रही है और कभी आबाद रहने वाले गांव धीरे-धीरे खाली होते जा रहे हैं। लेकिन इसी पहाड़ में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो परिस्थितियों को कोसने के बजाय उन्हीं के बीच संभावनाएं तलाश रहे हैं। यमकेश्वर ब्लॉक में नीलकंठ की तलहटी में बसे भौण गांव के हरेन्द्र की कहानी ऐसे ही असाधारण पुरुषार्थ की मिसाल है। जिसे दुनिया के सामने पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण लेकर आयें।

हरेन्द्र न किसी बड़े कारोबारी परिवार से आते हैं और न ही उनके पास शुरुआत में कोई बड़ी पूंजी या अत्याधुनिक संसाधन थे। मिस्त्री का काम किया, छोटे-मोटे ठेकेदारी के काम से आजीविका चलाई और फिर अपने गांव में ही कुछ नया करने का संकल्प लिया। छह गायों से शुरू हुआ उनका सफर आज करीब 30 गायों की गौशाला तक पहुंच चुका है। शून्य से करीब 50 लाख रुपये के कारोबार का मॉडल खड़ा करने वाले हरेन्द्र ने पांच से छह लोगों को रोजगार भी दिया है।

उनकी कहानी केवल पशुपालन की सफलता की कहानी नहीं है। यह बताती है कि हुनर, परिश्रम, तकनीकी समझ और कुछ नया करने की जिद हो तो पहाड़ की सीमित परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भरता की राह बनाई जा सकती है।

————————————–

मिस्त्री का हुनर बना स्वरोजगार की ताकत, छह गायों से शुरू हुआ सफर

हरेन्द्र का शुरुआती जीवन दूसरे सामान्य ग्रामीण युवाओं जैसा ही था। मिस्त्री का काम करते थे और बाद में छोटे-मोटे ठेकेदारी के काम से परिवार का खर्च चलाते थे। लेकिन उनके भीतर अपना कुछ करने की इच्छा थी। इसी सोच ने उन्हें पशुपालन की ओर प्रेरित किया।

शुरुआत में उन्होंने महज छह गायें पालीं। पशुपालन का अनुभव धीरे-धीरे बढ़ता गया। काम के दौरान कई तरह की समस्याएं सामने आईं। कभी चारे की व्यवस्था, कभी बिजली की परेशानी तो कभी गौशाला के संचालन से जुड़ी तकनीकी चुनौतियां। लेकिन हरेन्द्र ने इन समस्याओं को अपने काम की बाधा मानने के बजाय समाधान तलाशने का अवसर बनाया।

धीरे-धीरे गायों की संख्या बढ़ी और आज उनके पास करीब 30 गायें हैं। इस पूरे प्रयास को उन्होंने एक व्यवस्थित व्यवसाय का रूप दिया। आज वे सालाना 50 लाख रुपये का टर्नओवर कर रहे हैं। इस बात का प्रमाण है कि छोटे स्तर से शुरू किया गया प्रयास भी सही दिशा और निरंतर परिश्रम से बड़ा स्वरूप ले सकता है।

————————————-

बिजली की समस्या से तकनीकी समाधान तक, जरूरत ने सिखाया नवाचार

पहाड़ में बिजली की अनियमित आपूर्ति एक बड़ी चुनौती है। हरेन्द्र की गौशाला भी इससे अछूती नहीं है। लेकिन उन्होंने बिजली की समस्या को काम रोकने का कारण नहीं बनने दिया। इसके समाधान के लिए जनरेटर की व्यवस्था की।

गौशाला की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कई तरह के प्रयोग किए। कहीं स्थानीय संसाधनों का उपयोग किया तो कहीं अपनी तकनीकी समझ और निर्माण संबंधी हुनर से नए समाधान तैयार किए। उनकी गौशाला में कई व्यवस्थाएं ऐसी हैं, जिन्हें उन्होंने बाजार से तैयार रूप में खरीदने के बजाय अपनी जरूरत के अनुसार विकसित किया।

यही उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता है। वह पहले समस्या को समझते हैं, फिर उसके अनुरूप समाधान तलाशते हैं। उनके कई प्रयोग सफल हुए तो कई में असफलता भी मिली। लेकिन उन्होंने असफलताओं को सीखने का माध्यम बनाया।

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझने की जरूरत है। नवाचार का मतलब हमेशा बड़ी मशीनें, महंगी तकनीक या भारी निवेश नहीं होता। कई बार स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर तैयार किया गया सरल समाधान भी बड़ी उपयोगिता रखता है।

हरेन्द्र का काम इसी सोच को सामने लाता है। आवश्यकता के अनुसार आविष्कार और आवश्यकता के अनुसार समाधान-यही उनके प्रयोगों का मूल मंत्र दिखाई देता है।

——————————–

साइलेज यानि हरा चारा: पहाड़ के घर-घर तक पहुंचे बन सकता है रोजगार के नया अवसर

हरेन्द्र की गौशाला का एक महत्वपूर्ण पहलू साइलेज है। साइलेज हरे-चारे को वैज्ञानिक तरीके से संरक्षित करने की प्रक्रिया है, जिससे उसे लंबे समय तक पशुओं के आहार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालकों के सामने चारे की उपलब्धता और उसके संरक्षण की समस्या रहती है। मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सालभर हरा चारा उपलब्ध कराना आसान नहीं होता। ऐसे में साइलेज तकनीक पशुपालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मददगार हो सकती है।

हरेन्द्र के प्रयोगों से यह संभावना भी सामने आती है कि साइलेज बनाने की सरल और कम लागत वाली तकनीक गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। यदि स्थानीय युवाओं और पशुपालकों को इसका प्रशिक्षण मिले तो वे अपने स्तर पर साइलेज तैयार कर सकते हैं। इसकी प्रति किलोग्राम लागत और बिक्री के आधार पर छोटे उद्यम भी विकसित हो सकते हैं।

यह सिर्फ गौशाला की जरूरत पूरी करने का तरीका नहीं, बल्कि पहाड़ में एक नए रोजगार क्षेत्र की संभावना है। साइलेज उत्पादन, पैकेजिंग, भंडारण और आपूर्ति को जोड़कर स्थानीय स्तर पर कई लोगों को काम दिया जा सकता है।

हरेन्द्र का यह प्रयोग इस बात की ओर संकेत करता है कि पशुपालन को केवल दूध उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उससे जुड़ी पूरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विकसित करने की जरूरत है।

——————————————

तीन साल पुरानी बंजर जमीन पर जैविक खेती का प्रयोग

हरेन्द्र की सोच गौशाला तक सीमित नहीं है। उन्होंने करीब तीन साल पुरानी बंजर जमीन पर जैविक खेती का प्रयोग भी किया है। पशुपालन से मिलने वाले जैविक संसाधनों को खेती से जोड़कर जमीन की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में काम किया है।

गौशाला से निकलने वाले गोबर और अन्य जैविक संसाधनों का उपयोग खेती में किया जा सकता है। इससे पशुपालन और कृषि एक-दूसरे के पूरक बनते हैं। एक ओर खेती से पशुओं के लिए चारा मिलता है तो दूसरी ओर पशुपालन से प्राप्त जैविक खाद खेतों की उर्वरता बढ़ाने में उपयोगी होती है।

यदि इस व्यवस्था को वैज्ञानिक तरीके से विकसित किया जाए तो पहाड़ में एकीकृत कृषि-पशुपालन मॉडल तैयार हो सकता है। इसके साथ मल्टीक्रॉपिंग यानी एक ही कृषि क्षेत्र में अलग-अलग फसलों का उत्पादन भी महत्वपूर्ण हो सकता है।

पहाड़ की छोटी जोतों और स्थानीय जलवायु के अनुसार फसलों का चयन करके किसानों की आय के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। हरेन्द्र का प्रयोग इसी दिशा में संभावनाएं तलाशने का अवसर देता है।

——————————————–

आचार्य बालकृष्ण पहुंचे गौशाला, दुनिया को दिखाया हरेन्द्र का पुरुषार्थ

हरेन्द्र के इस प्रयास को व्यापक पहचान तब मिली, जब पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण उनकी गौशाला का अवलोकन करने पहुंचे। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं, हरेन्द्र के प्रयोगों और सीमित संसाधनों में विकसित किए गए समाधानों को करीब से देखा।

आचार्य बालकृष्ण ने लाइव के माध्यम से हरेन्द्र के काम को दुनिया के सामने रखा। उन्होंने एक सामान्य व्यक्ति के असाधारण पुरुषार्थ को दिखाते हुए यह संदेश दिया कि पहाड़ में रहकर भी अपने परिश्रम, हुनर और संकल्प से आजीविका के बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

आचार्य जी ने उत्तराखंड में पलायन की समस्या के संदर्भ में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उनका जोर अपनी माटी और अपने गांव से जुड़कर रोजगार के अवसर विकसित करने पर रहा। उन्होंने सरकार से भी ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने और उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

—————————————

एक लाख की नौकरी के पीछे भागने से बेहतर अपनी माटी में उद्यम

आज बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में शहरों की ओर जा रहे हैं। एक लाख की नौकरी में दस हजार नहीं बच पा रहा है। चार-पांच लाख की नौकरी में लाख बचा पा रहे हैं। ऐसा उदाहरण देते हुए आचार्य बालकृष्ण ने हरेन्द्र जैसे लोगों का उदाहरण दिया। उनकी मानें तो उत्तराखंड के युवा अपने गांव में रहकर काम करें, अपनी जमीन और संसाधनों का उपयोग करें तथा दूसरे लोगों को भी रोजगार दें। हालांकि उन्होंने सरकार से इस तरह के सृजन करने वाले युवाओं और परियोजनाओं को सहायता देने की भी बात कही। आचार्य श्री ने पूरा बल दिया कि अपना गांव, अपनी माटी, अपने परिवेश की शुद्ध हवा और पानी में कुछ नया रचने की जरूरत है लेकिन यह सब तभी संभव है, जब व्यक्ति में परिश्रम, धैर्य और समर्पण हो।

हरेन्द्र की कहानी युवाओं को यही संदेश देती है कि रोजगार के लिए केवल बाहर की ओर देखने के बजाय अपने आसपास मौजूद संभावनाओं को भी पहचानना चाहिए।

———————————

हरेन्द्र का मॉडल और सरकार की जिम्मेदारी

pic2
आचार्य बालकृष्ण यमकेश्वर ब्लाक स्थित हरेन्द्र के गांव में।

हरेन्द्र के प्रयोगों को व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए तकनीकी और संस्थागत सहयोग की जरूरत है। हमारे पास कृषि वैज्ञानिक हैं, इंजीनियर हैं, तकनीकी विशेषज्ञ हैं और विभिन्न संस्थानों में शोध एवं नवाचार की सुविधाएं भी हैं।

लेकिन एक महत्वपूर्ण कमी यह रहती है कि प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीक और जमीन पर काम करने वाले लोगों के अनुभवों के बीच पर्याप्त संवाद नहीं हो पाता।

हरेन्द्र जैसे लोग रोजमर्रा की समस्याओं के बीच काम करते हुए ऐसे समाधान विकसित करते हैं, जिन्हें तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से और बेहतर बनाया जा सकता है। जरूरत है कि इंजीनियरों, कृषि वैज्ञानिकों और तकनीकी संस्थानों की टीमें ऐसे जमीनी उद्यमियों के साथ जुड़ें।

सरकार को भी ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस पहल करनी चाहिए। इसके अंतर्गत सफल गौशालाओं और स्थानीय नवाचारों का तकनीकी अध्ययन कराया जाए। छोटे पशुपालकों को साइलेज निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाए। जैविक खाद और जैविक खेती को पशुपालन से जोड़ने के लिए सहायता मिले। स्थानीय युवाओं को उद्यमिता और बाजार प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए। सफल मॉडलों को वित्तीय सहायता, बाजार और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार मल्टीक्रॉपिंग और एकीकृत कृषि मॉडल विकसित किए जाएं।

हरेन्द्र के प्रयोगों का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर यदि उन्हें एक व्यवस्थित मॉडल के रूप में विकसित किया जाता है तो इससे दूसरे गांवों के लोग भी लाभ उठा सकते हैं।

—————————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

🔮 आज का राशिफल