जिस संगठन ने विधानसभा चुनाव में 47 सीटें जिताईं, उसमें बदलाव का न कोई विषय न इस बारे में कोई विचार है

-बैठक में भीतरघात की शिकायतों और 23 सीटों पर हार के कारणों की समीक्षा की

-माना जा रहा कि दुष्यन्त गौतम, इन विषयों के संबंध में केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे

-माना जा रहा था कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा और अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ

दैनिक समाचार, देहरादून/हरिद्वार 
प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट से पार्टी में हलचल होने लगी है। माना जा रहा कि बदली परिस्थितियों में प्रदेश अध्यक्ष पद पर पार्टी बदलाव कर सकती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के लिए विधानसभा सीट का चयन होना है तो महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ अन्य पदों पर नई नियुक्तियां भी की जानी हैं। इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भीतरघात की शिकायतों और 23 सीटों पर हार के कारणों की समीक्षा की। यही नही, इसकी रिपोर्ट को अनुशासन समिति को भी सौप दी गयी है। माना जा रहा कि दुष्यन्त गौतम, इन विषयों के संबंध में केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराएंगे। विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद यह माना जा रहा था कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को सरकार में मंत्री पद दिया जाएगा और अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब यह चर्चा चल रही है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बदलने जा रही है। तर्क दिया जा रहा है कि धामी सरकार में तीन मंत्री पद रिक्त रखे गए हैं और हरिद्वार जिले को कोई मंत्री पद नहीं दिया गया है। ऐसे में कौशिक को मंत्री बनाकर हरिद्वार जिले को साधने का प्रयास किया जा सकता है। हालांकि, भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव की अटकलों पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने फिलहाल विराम लगा दिया है। दरअसल, देहरादून पहुंचे गौतम ने कहा कि जिस संगठन ने विधानसभा चुनाव में 47 सीटें जिताईं, उसमें बदलाव का न कोई विषय और न इस बारे में कोई विचार है। प्रदेश संगठन ने विधानसभा चुनाव में अच्छा करने का प्रयास किया। बदलाव इसलिए नहीं किया जाएगा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी को दो-तिहाई बहुमत मिला है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!