



कार्बेट टाइगर रिजर्व अंतर्गत बाघ ने महिला को मार डाला
नवंबर में एक महिला को मार चुका है सीटीआर में बाघ
दैनिक समाचार, देहरादून: कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) की सीमा अंतर्गत तीन माह के अंदर बाघ ने दूसरी महिला को शिकार बना लिया है। वन विभाग की टीम ने महिला का शव बरामद र लिया है। महिला के गले पर बाघ के दांत का निशान मिला है। इससे पहले बीते वर्ष नवंबर में कार्बेट टाइगर रिजर्व से ही लगे सांकर गांव निवासी महिला को बाघ ने मार डाला था। उसका शव कालागढ वन रेंज की सीमा से सटे जमरिया वन क्षेत्र से बरामद हुआ था।
बफरजोन से सटे सल्ट विकासखंड के झडगांव की महिला बीते रोज अचानक लापता हो गई थी। देर रात तक खोजने के बाद कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार की सुबह मोहान व जौरासी रेंज के वन कर्मियों की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों के साथ दोबारा कांबिंग शुरु की तो घर के करीब जंगल से कुछ ही दूर जंगल में महिला का शव बरामद हुआ। महिला की पहचान विकासखंड की झडगांव ग्राम पंचायत के तया मल्ला तोक निवासी यशवंत सिंह की 38 वर्षीय पत्नी कमला देवी के रूप में हुई है। वन क्षेत्राधिकारी मोहान गंगाशरण व विक्रम सिंह कैडा जौरासी रेंज ने टीम के साथ बुधवार की रात 11 बजे तक सर्च आपरेशन चलाया। फिर सुबह ग्रामीणों के साथ सर्च अभियान चलाया गया। बदनगढ नाले की ओर घर से कुछ ही दूरी पर कमला देवी का शव बरामद हुआ। रेंज अधिकारी गंगाशरण ने बताया कि जहां महिला का शव मिला है वहां पर बाघ के बाल भी गिरे मिले हैं। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला पर बाघ ने ही हमला किया है।