




गौ तस्कर को लगी गोली, एसओजी का एक पुलिस कर्मी भी घायल
दैनिक समाचार, हरिद्वार: हरिद्वार जनपद के बहादराबाद थाना अंतर्गत देर रात को पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक गौ तस्कर को गोली लगी है जबकि तस्करों की फायरिंग में एक पुलिस कर्मी को भी गोली लगी है। घायलों को देर रात रुड़की अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने रात भर घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य गौ तस्कर फरार हो गए।
हरिद्वार के बहादराबाद इलाके में पुलिस को रात करीब 12:30 बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस को बहादराबाद में गोकशी की सूचना मिली। जैसे ही पुलिस बल ने बदमाशों की घेराबंदी की, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक पुलिसकर्मी को गोली लगी है। हालांकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के गोली लगने और पकड़े जाने की भी खबर है। घायलों को रुड़की अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते एसएसपी हरिद्वार मौके पर पहुँचे। एसएसपी के आदेश पर पुलिस इलाके की घेराबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी करती रही लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश फरार हो गए। एसपी क्राइम, सीओ ज्वालापुर सहित कई थानों की पुलिस ने रात भर घेराबंदी की। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में रुड़की एसओजी का एक सिपाही घायल हुआ है। एसएसपी अजय सिंह ने रात करीब दो बजे रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल सिपाही का हालचाल जाना और बदमाश से भी पूछताछ की। बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में रुड़की एसओजी का सिपाही नितिन भी घायल हुआ है।

सहारनपुर का है रहने वाला गौ तस्कर
पकड़े गए गौ तस्कर की पहचान शाहवेज निवासी गांदेवाड थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर हाल निवासी शाहपुर थाना भगवानपुर उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई। बताया जाता है कि इसपर चार से अधिक मुकदमे है। हरिद्वार पुलिस सहारनपुर पुलिस से गौ तस्कर के अन्य आपराधिक रिकार्ड की जानकारी ले रही है।
गौ तस्करों के साथ मुठभेड़ का घटनाक्रम कुछ यूं रहा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात लगभग एक बजे कुछ गौ तस्करों के रुड़की से बहादराबाद थाना क्षेत्र की सीमा में पहुंचने की जानकारी मिली। जिस पर बहादराबाद थाने की पुलिस और एसओजी रुड़की की टीम ने उन्हें घेर लिया। पुलिस टीम ने उन्हें सरेंडर करने को कहा। जिसपर गौ तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें एक गौ तस्कर को घुटने के नीचे गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।

जिले में गौकशी पर प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए थे। उसी के तहत कार्रवाई करते हुए कुछ गौ तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया गया। फायरिंग करने पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए घायल हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजय सिंह, एसएसपी, हरिद्वार