



-50 से ज्यादा महिलाओं के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देने के साथ ही उनका शारीरिक शोषण भी कर चुका है
-आरोपी के खिलाफ अभी तक केवल दो ही मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है
दैनिक समाचार, देहरादून
उत्तराखंड पुलिस के हाथ ठगी का अनोखा आरोपी पकड़ा गया है। उसके कारनामे सुनकर खुद पुलिस भी हैरान है। दरअसल, हल्द्वानी की मुखानी थाना पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो 50 से ज्यादा महिलाओं के साथ ठगी की वारदात को अंजाम देने के साथ ही उनका शारीरिक शोषण भी कर चुका है। जी हां, पकड़ा गया आरोपित सभ्रांत घर की महिलाओं से न केवल ठगी करता था, बल्कि उनसे दुष्कर्म भी करता था। पीड़ित महिलाएं उत्तराखंड के अलावा दिल्ली से भी हैं। पुलिस के अनुसार बीते सोमवार को एक महिला ने मुखानी थाने में ठगी व दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। महिला का कहना था कि वह हरिद्वार से जीएनएम कोर्स कर रही है। उसकी दोस्ती फेसबुक के जरिये एक युवक से हुई थी। जिसने खुद को डिस्ट्रिक्ट मेडिकल आफिसर बताया और सरकारी नौकरी का झांसा देकर 1.6 लाख रुपये ले लिए। यही नही, हल्द्वानी बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी मूल निवासी गरुड़, थाना बैजनाथ, बागेश्वर व हाल फ्रैंड्स कालोनी दोनहरिया, मुखानी निवासी चारू चंद्र जोशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी के अन्य लोगों से ठगी व महिलाओं से दुष्कर्म करने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद कबूल किया है कि उनसे कई महिलाओं के साथ जबरन संबंध बनाए हैं। पुलिस की जांच में ऐसे करीब 50 से ज्यादा मामला सामने आए हैं, लेकिन इन महिलाओं ने लोक लाज के डर से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाया है। आरोपी के खिलाफ अभी तक केवल दो ही मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी चारू चंद्र जोशी के खिलाफ धारा 376 और धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने किन-किन महिलाओं के साथ-साथ ठगी की है और किनकी अस्मत लूटी है, इसकी जांच की जा रही है। दरअसल, एक नर्स ने ठगी व दुष्कर्म के बाद आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने की ठान ली। उसने हौसला दिखाकर आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया।
फेसबुक से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठगे
दिल्ली निवासी महिला के साथ भी फेसबुक से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठगे। दिल्ली जाकर दुष्कर्म किया। इस मामले में आरोपी पर दिल्ली में केस दर्ज है।
आरोपी ने हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति से उनकी बहन की स्टाफ नर्स की नौकरी लगाने के लिए दो लाख रुपये ठगे। पिथौरागढ़ व खटीमा की दो महिलाओं से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म किया। हल्द्वानी मुखानी निवासी व बेस अस्पताल की स्टाफ नर्स से अस्पताल में प्रमोशन के नाम पर 75 हजार की ठगी की। हल्द्वानी हल्दूचौड़ निवासी पंकज भट्ट से 8.50 लाख रुपये उधार लेकर उन्हें फर्जी चेक दिए। इस मामले में उसके खिलाफ चेक बाउंस का केस दर्ज है। बागेश्वर गरुड़ निवासी फौजी की पत्नी से सरकारी नौकरी के नाम पर 1.50 लाख रुपये हड़पे।