



केन्द्रीय उद्योग मंत्री ने रानीपुर विधानसभा में कहा
भेल को लेकर हरिद्वार आकर राहुल ने झूठ बोला
यही वजह है कि वे राजनीति में मजाक बनकर रह गए
प्रत्याशी आदेश चौहान के समर्थन में की जनसभा

विधानसभा रानीपुर में भाजपा प्रत्याशी विधायक आदेश चौहान के समर्थन में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे ने नवोदय नगर एवं विष्णु लोक में जनसभा की। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि विपक्ष हताश और निराश है। झूठ की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी हरिद्वार आकर भेल जैसे संयंत्रों के निजीकरण किए जाने का झूठ बोलकर, वोट बटोरने की साजिश रच रहे हैं। कहा कि जिस प्रकार से भेल ने एथेनॉल पर काम कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है तो वही आज सेना के अंदर प्रयोग होने वाली बेहतरीन सुपर रैपिड गन का निर्माण का काम भेल संस्थान कर रहा है। भेल संस्थान हो या कोई भी सामरिक क्षेत्र किसी का भी निजीकरण करने की कोई योजना भारत सरकार की नहीं है। खेल संस्थान भारत के नवरत्नों में शामिल है। भारत सरकार ने कभी नहीं कहा की भेल का निजीकरण हो रहा है। कांग्रेस के लोग सदन हो या सड़क झूठ की राजनीति करते हैं। आज देश के अंदर मोदी को इसीलिए पसंद किया जा रहा है क्योंकि वह जो वादा करते हैं उसको पूरे विश्वास के साथ पूरा भी करते हैं।
आज भगवान श्री राम का मंदिर जिस प्रकार से देश के सामने बनकर तैयार हो रहा है। काशी विश्वनाथ का मंदिर परिसर बनकर तैयार हुआ है उत्तराखंड के अंदर बाबा केदार का पुनर्रुद्धार का काम हुआ है या मार्गों का सरलीकरण हुआ है, इन सब कामों के कारण देश की जनता मोदी को पसंद कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ी है। इस बात की बौखलाहट विपक्ष स्वीकार नहीं कर पाए जो लोग कभी राम को नहीं स्वीकारते थे। जो कश्मीर में अमन चैन नहीं चाहते थे, जो लोग मेक इन इंडिया को झूठ मानते हैं। ऐसे लोगों के साथ भारत कभी खड़ा नहीं हो सकता। आज आत्मनिर्भर हो रहा देश का युवा उनको बुरा लगने लगा समृद्ध भारत की छवि उनको खराब लगने लगी है। स्वरोजगार करता हुआ युवा उनकी आंखों में खटक ने लगा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल जिस प्रकार से गैरसैण में राजधानी की बात कर रहे हैं उनको यह नहीं पता गैरसेंण के अंदर हमने विधानसभा के सत्र करें है। यहां के निर्माण के लिए केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी ने बजट जारी किया। अभी आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल और कहीं लोकलुभावन झूठी घोषणाएं करेंगे।

कांग्रेस के लोगों ने केवल कब्जे करवाए, यूनियनों ने शोषण किया
विधायक आदेश चौहान व नगरपालिका अध्यक्ष शिवालिक नगर राजीव शर्मा ने कहा कि जिस नवोदय क्षेत्र एवं विष्णु लोक में हम आपके बीच में खड़े हैं कांग्रेस के लोग या अन्य दलों के लोग यह बताएं कि क्या उन्होंने आज तक एक बल्ब भी लगाया है। कोरोना के समय में जब जनता को जरूरत थी उस समय एक भी बार यहां आकर आपका हाल जाना। एक बार भी पिछले 10 सालों में या उससे पूर्व भी कांग्रेस के लोग इस पूरी विधानसभा में केवल और केवल जमीनों पर कब्जा करने के लिए ही अपनी राजनीति की दुकान चलाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को जवाब देना होगा। जब भेल में 10,000 करोड़ आए थे वह किसके कारण वापसी हो गए। वहां की यूनियन के माध्यम से किस प्रकार श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है इसका जवाब भी देना होगा। उन्होंने कहा कि विकास की गति आप इस प्रकार देख सकते हैं कि हमारे मुख्यमंत्री ने साढ़े 5 माह में जिस गति से 550 से भी ज्यादा कार्य धरातल पर उतारे हैं वह आपके सामने हैं। निराश्रितों को घर देना हो, निर्धन बालिकाओं का विवाह करना हो, असहाय लोगों की आर्थिक सहायता करनी हो। भारतीय जनता पार्टी उनके परिवार के सदस्य के रूप में खड़ी है।
इस अवसर पर सिंह पाल सिंह सैनी, गरिमा सिंह, बृजेश शर्मा, विपिन चौहान,नागेंद्र राणा, विपिन शर्मा, कैलाश भंडारी, मनोज शुक्ला, मन्नू रावत, रीता चमोली, विमला धौंडियाल, रेनू सूरी, रजनी वर्मा, नीता शर्मा आदि मौजूद रहे।