चुनाव प्रचार थमा: दिग्गजों के ‘वार-पलटवार’ से बढ़ी उत्तराखंड में ‘सियासी तपिश’

ठंडी वादियों में मोदी, शाह, योगी, राजनाथ और प्रियंका ‘सियासी तापमान’ बढ़ा गए
वार-पलटवार में जमकर बरसे एक-दूसरे पर, खूब चला आरोप-प्रत्यारोप का दौर
अपने-अपने अंदाज से मतदाताओं के दिलों तक पहुंचने की खूब हुई कोशिश

BY NAVEEN PANDEY
देहरादून/हरिद्वार: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रियंका गांधी सहित राजनीति के फलक पर छाप छोड़ने वाले राजनेताओं ने पहाड़ की ठंडी वादियों में ‘सियासी तपिश’ भर दी। दिग्गजों ने जमकर एक-दूसरे पर ‘वार’ किए। मतदाताओं को रिझाने की कोशिश हुई। गढ़वाल से लेकर कुमाऊँ तक ‘सियासी तापमान’ गरम रह

अमित शाह का वार, पिकनिक मनाने आती हैं प्रियंका, 70 साल तो कुछ किया नहीं
देहरादून:
शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह टिहरी गढ़वाल जिले के धनोल्टी में सभा कर चुनावी हुंकार भरी। इसके बाद वे देहारादून जिले की सहसपुर और रायपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। कहा कि प्रियंका गांधी पिकनिक मनाने आई हैं। 70 साल तक कुछ नहीं किया और अब कह रहे हैं कि चारधाम चार काम। जब भी देश की सुरक्षा की बात आती है। किसी भी सीमा पर चले जाओ, उत्तराखंड और पंजाब से बेटे जाकर मां भारत की सेवा करते हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में दूसरी पार्टियों का सूपड़ा साफ होगा और यहां भी कमल खिलेगा। कोरोना महामारी में लॉकडॉउन के अलावा कोई रास्ता नहीं था। कोई दवाई नहीं बनी हुई थी। मजबूरी में लगाया गया, लेकिन गरीब लोगों को लेकर तमाम तरह की अफवाह थी। कहते थे कि लोग कोरोना से नहीं भूख में मर जाएंगे। दो साल तक 80 करोड़ लोगों को खाना देने का काम किया।
कहा कि लोग आजकल उत्तराखंड में आ जाते हैं पिकनिक मनाने। यहां प्रियंका गांधी आई हैं। ये चारधाम चार काम की बात कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने सब काम कर दिए हैं। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने एक दूसरे को लड़ाया है। पहाड़ को मैदान से और कुमाऊं को गढ़वाल से। उन्होंने अपनी जेब भरने का काम किया। कांग्रेस कोई विकास नहीं कर सकती। केवल भाजपा कर सकती है। वो चार धाम चार काम नहीं करेंगे। केवल चार दाम मांगने वाले हो जाएंगे। विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री और दिल्ली में बैठा परिवार भी वसूली करेगा। शाह ने कहा कि केदारनाथ को देखकर सब कहते हैं। बदरीनाथ धाम का भी हम 400 करोड़ से विकास करने वाले हैं। उत्तराखंड के पर्यटन में कम से कम 300 प्रतिशत की वृद्धि होगी। शाह ने इस दौरान हरीश रावत से सवाल किया कि जब उत्तराखंड के युवा अलग राज्य की मांग कर रहे थे तो आपका मत क्या था। उत्तराखंड को विकसित बनाने का काम भाजपा कर रही है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग लाइन भी बन रही है। देहरादून में मेट्रो भी जल्दी ही लगाएंगे। कहा कि सोनिया गांधी की सरकार में पाकिस्तान के आलिया, जमालिया रोज आते थे और हमारे सैनिकों के सर काट कर ले जाते थे। उत्तराखंड ने साथ दिया, मोदी जी प्रधानमंत्री बन गए। पाकिस्तान को समझ नहीं आया कि अब मोनी बाबा मनमोहन पीएम नहीं हैं, मोदी जी है। इसलिए पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा। राहुल बाबा और पाकिस्तान छाती पीटकर रो रहे थाे, इससे ज्यादा सर्जिकल स्ट्राइक का क्या सबूत चाहिए। इनके लिए उत्तराखंड एक पिकनिक स्पॉट है।

राजनाथ सिंह ने प्रहार, तीन मुख्यमंत्री बदले या 30, कांग्रेस को क्या लेना-देना
अल्मोड़ा : उत्तराखंड में आखिरी दिन भाजपा के स्टार प्रचारकों ने जमकर प्रचार किया। शनिवार को मोदी ऊधमसिंह नगर में, रविकिशन खटीमा में व राजनाथ सिंह ने पहाड़ के जिलों में प्रचार किया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड के लोगों के साथ भेदभाव किया है। सल्ट विधानसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस वाले ये कहते हैं कि हमने पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बदले। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हम 3 मुख्यमंत्री बदले या 30 उनको पीड़ा किस बात की है जबकि कांग्रेस यह नहीं बता पा रही कि उनके यहां मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। हमारी सरकार आने पर हमारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ही होंगे। बीजेपी जो कहती है वो उसे पूरा करती है। हमने धारा 370 हटाई, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में रह रहे लोगों को भारत की नागरिकता दी। राम मंदिर बनाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रत्येक व्यक्ति को पक्का घर, शौचालय, गैस सिलेंडर देने का काम किया। कोरोना संक्रमण काल में जब लोग बेहद परेशान थे। उस वक़्त हमारी सरकार ने लोगों को राशन दिया। करप्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ये कहा था कि यदि हम दिल्ली से 100 पैसे भेजते हैं तो वह लोगों तक पहुंचने में 15 पैसे होते हैं। लोगों से पूछते हुए कहा कि अब ऐसा नहीं होता है। हमने करप्शन पर अंकुश लगाना है। यह भाषण देने से कम नहीं होगा। इसके लिए हमको सिस्टम में बदलाव करना होगा। कहा पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास है। लेकिन राहुल गांधी संसद में कह रहे हैं कि गलवान घाटी में भारत के ज्यादा सैनिक मारे गए। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि हमारे देश के जवानों पर सवालिया निशान लगा रहे।

मोदी का अटैक, भारत को जो देश नहीं मानते, वो कर देंगे उत्तराखंड तबाह
रुद्रपुर: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रुद्रपुर पहुंचे। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। संबोधन से पहले प्रधानमंत्री ने जय मां नैना देवी, मैं मानस खंड पवित्र भूमि से यहां के देवताओं को नमन किया। कहा कि कोरोना के चलते लग रहा था कि, ऐसी भव्य रैली संभव नहीं हो सकेगी। लेकिन आप लोगों ने इसे मुमकिन कर दिखाया है। यहां शत प्रतिशत आबादी का वैक्सीन की सिंगल डोज लग चुकी है। इसके लिए मैं आपको और सीएम धामी को बधाई देता हूं।
कहा कि हम यहां हाईवे और एयरपोर्ट बना रहे हैं। पर्वत माला के तहत राष्ट्रीय रोपवे विकास कार्यक्रम के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रोपवे कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। नए मेडिकल कॉलेज और डिग्री कॉलेज खुलेंगे। पुनर्वासित बंगाली के जाति प्रमाण पत्र से ‘पूर्वी पाकिस्तान’ का उल्लेख हटाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने देश की संस्कृति को कभी नहीं पहचाना आज उन्हें विरासत याद आ रही है। उन्हें अचानक उत्तराखंड की संस्कृति याद आ रही है। ऐसे लोग भारत को भी राष्ट्र मानने को तैयार नहीं है। जो भारत को देश नहीं मानते वे लोग उत्तराखंड को तबाह करने के लिए आए हैं। हम देवत्व के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देंगे। इस बार आपको अपने वोट से तुष्टिकरण के मंसूबे को चूर कर देना है। आपको कांग्रेस के हर झूठ, षड़यंत्र का जवाब देना है। हर राज्य में लोग कांग्रेस को लोग लगातार नकार रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में यही हो रहा है। बंगाल, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तरा प्रदेश, बिहार, गुजरात में कांग्रेस दशकों से सत्ता से दूर है। उत्तराखंड के पास भी अवसर हैं। कहा कि भारत एक है, यह देश एक है। कांग्रेस का कहना है कि कोई राष्ट्र नहीं है। कांग्रेस भारत को एक राष्ट्र (राष्ट्र) मानने को भी तैयार नहीं है। भाजपा देवभूमि उत्तराखंड के ‘देवताव’ (देवता) को सुरक्षित करेगी।

योगी का तंज, कांग्रेस डूबता जहाज, भाई-बहन डूबा रहे
टिहरी: टिहरी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया। आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के दुर्ग पर छेद करना चाहती है। तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है, भाई, बहन दोनों पार्टी को डूबा रहे हैं, तीसरे की जरूरत कहां है। कांग्रेस के लोग देवभूमि में मुस्लिम विवि खोलना चाहते हैं। उन्होंने जनता को सचेत किया कि यूपी सरकार माफियाओं, गुंडों का सफाया कर उनकी परिसंपत्तियों पर बुलडोजर चल रही है। ऐसा न हो कि कुछ अपराधी कानून की आंख में धूल झोंककर उत्तराखंड भाग आएं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार होनी जरूरी है। कहा कि असुरक्षा के कारण 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के लोग और व्यापारी पलायन करने को मजबूर थे, जब यूपी में भाजपा की सरकार बनी माफियाओं व गुंडों की परिसंपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उनका सफाया हो गया। उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे सुरक्षित राज्य बन गया। अब कांवड़ यात्रा चलती है और माफिया कहीं नजर नहीं आते हैं। यूपी में भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार बननी जरूरी है। काशी की तरह ही अब भव्य केदारनाथ धाम का निर्माण हुआ है। बदरीनाथ भी बहुत जल्द संवर जाएगा। उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। उत्तराखंड में चारधाम के अलावा पांचवां सैनिक धाम बनने जा रहा है। कांग्रेस ने कहा राम मंदिर नहीं बन सकता लेकिन राम मंदिर बन रहा। अब काशी विश्वनाथ के बाद मथुरा, वृंदावन की बारी है। भाजपाइयों ने जमकर जय श्रीराम के नारे लगाए। भाषण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने पढ़ाई के दौरान टिहरी जिले के गजा में बीते दिनों को याद किया। कहा कि डेढ़ साल पहले देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ कार्यक्रम में टिहरी आए थे। कहा कि ‘हिंदू’ कोई सांप्रदायिक शब्द नहीं है। ‘हिंदू’ हमारी सांस्कृतिक पहचान है। देवभूमि में अगर कोई ‘हिंदू’ की परिभाषा नहीं जानता है तो उस पार्टी को सत्ता में आने का अधिकार कतई नहीं ही होना चाहिए। यूपी के सीएम बोले राहुल गांधी को हिंदू की परिभाषा कहते हुए सुनकर हैरानी हुई। उन्हें बताया जाना चाहिए कि उनके परदादा खुद को ‘एक्सीडेंटल हिंदू’ कहते थे। उनको हिंदू की परिभाषा बताना शोभा नहीं देता, उनके पूर्वजों को हिंदू होने पर गर्व नहीं था।

प्रियंका का पलटवार: दो उद्योगपतियों की रह गई है मोदी की सरकार
हल्द्वानी : उत्तराखंड में कुमाऊं मंडल में शनिवार को प्रियंका गांधी ने धुंआधार प्रचार किया। पहले वह सीएम धामी की खटीमा सीट से भाजपा पर हमला बोला। उसके बाद वह हल्द्वानी पहुंची।कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी हल्द्वानी में उत्तराखंड स्वाभिमान रैली को संबोधित किया। प्रियंका ने जनसभा में कहा कि मेरी दादी का उत्तराखंड के गहरा रिश्ता रहा है। वह प्रकृति, पहाड़ व पहाड़ी संस्कृति के बारे में मुझे बताती थीं। तब से मेरा भी उत्तराखंड से नाता रहा है। मैं अभी खटीमा से आई हूं। सड़कों की हालत देखकर मन दुखी हुआ। प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमाला बोला। कहा कि मोदी सरकार केवल दो उद्योगपतियों की सरकार बनकर रह गई है। किसानों ने आंदोलन किया, उन्होंने सरकार की खराब नीतियों के खिलाफ अटल क्याें रहे। वह जानते हैं उन्हें इस कानून से कितना नुकसान होगा। बेरोजगारों को पिछले पांच सालों में नौकरी नहीं मिली। जबकि हरदा ने बताया कि राज्य के विभागों में कई पद खाली हैं, फिर भरे क्यों नहीं जा रहे। पूरे देश में सबसे अधिक बेरोजगारी उत्तराखंड में है। पलायन हो रहा, गांव खाली हो रहे। बड़े शहरों में यहां के हुनरमंद युवा काम कर है, क्योंकि उन्हें घर में काम नहीं मिल रहा। महंगाई चरम पर है। गैस सिलेंडर तक लोगों को नहीं मिल पा रहा है। सरकार की नीयत व नीति में खोट है। यदि यह दोनों सही होती तो कोई परेशानी नहीं होती। देश में लाभ सिर्फ मोदी के दो उद्योपतियों के दोस्तों को हो रही है। उन्हें ही लाभ मिल रहा है। आंख बंद कर वोट मत कीजिए। यह कैसी सरकार है तीन-तीन सीएम बदल रहे हैं। इन्हें सरकार चलाने का कोई अनुभव ही नहीं।

हरदा बोले, ‘हरदा’ को भाजपा वाले बहुत कर रहे याद
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि कोरोना में लोगों को बेहद परेशानी हुई। ठीकरा भाजपा के सिर फोड़ा। कहा कि हम उपभोक्ता राज्य है। हमारा दर्द भाजपा ने नहीं समझा। कांग्रेस का घोषणा पत्र उत्तराखंड को समर्पित है। वह प्रदेश के दर्द का मरहम का काम करेगा। हरदा को भाजपा के नेता बहुत याद कर रहे हैं। वह हमको हार दा कहतें है। मैं हरदा हूं, हारने वाला नहीं हूं। हमने त्रासदी से प्रदेश को निकालकर खड़ा किया है।

सिसोदिया को आस: दिल्ली की तरह दिख रहा उत्तराखंड में अंडर करंट
देहरादून: आम आदमी पार्टी नेता एवं दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप पहली बार उत्तराखंड में चुनाव लड़ रही है। दिल्ली में वर्ष 2013 के चुनाव में जिस तरह का अंडर करंट लोगों में था, वही स्थिति उत्तराखंड में दिखाई दे रही है। दिल्ली की तर्ज पर आम जनता आप की सरकार बना रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!