



मतदान के दिन लक्सर विधायक ने वीडियो वायरल करके प्रदेश अध्यक्ष पर लगाए थे गंभीर आरोप
दो और विधायकों ने भितरघात को लेकर दिया था सार्वजनिक बयान, प्रदेश संगठन हुआ था इसे लेकर असहज
मुख्यमंत्री ने संजय गुप्ता मामले में जांच के दिए थे निर्देश, सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे हैं दिल्ली

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
दैनिक समाचार, देहरादून/हरिद्वार: चौदह फरवरी को मतदान के बाद भाजपा के तीन विधायकों के भितरघात को लेकर दिए गए बयान ने प्रदेश बीजेपी में हलचल मचा दी। सबसे अधिक आग लक्सर के विधायक संजय गुप्ता के वायरल वीडियो ने लगाई, जिसमें उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर उन्हें हराने का आरोप लगाया और उनकी बेनामी संपत्ति की जांच की मांग उठा दी। कांग्रेस को भी एक बड़ा राजनीतिक मुदृदा मिल गया था। ये बात दिल्ली दरबार तक पहुंची। सूत्रों की मानें तो प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित प्रदेश बीजेपी संगठन से हाईकमान ने रिपोर्ट मांगी है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के अध्यक्ष मदन कौशिक को तलब कर लिया है। सीएम और प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली पहुंचे हुए हैं।
लक्सर के विधायक संजय गुप्ता के वायरल वीडियो में तो उन्होंने सीधे तौर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर आरोप जड़ा। उन्होंने आलाकमान से अपील भी की थी कि ऐसे प्रदेश अध्यक्ष जो कि गद्दार हैं को तुरंत पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए। विधायक हरभजन सिंह चीमा और कैलाश गहतोड़ी ने भी भितरघात को लेकर आवाज उठाई। प्रदेश बीजेपी में विधायकों की नाराजगी को लेकर संगठन सक्रिय हुआ। मुख्यमंत्री ने भी विधायक संजय गुप्ता के वायरल वीडियो को लेकर जांच की बात कही। प्रदेश बीजेपी के प्रदेश महामंत्री कुलदीप की ओर से तथ्यों को जुटाने की बात कही गई। चूंकि यह मामला तेजी से वायरल हो चुका था, लिहाजा दिल्ली दरबार में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को बुलाया गया है। हालांकि इसका एक पहलू यह भी है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए जाना है इसलिए भी वे दिल्ली गए हैं। विशेष तौर पर दिल्ली में मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे।