



सोमवार की देर रात को 16 बारातियों को लेकर मैक्स लौट रहा था ककनई
सूखीढांग-डांडामीनार रोड के बुड़म से तीन किलोमीटर दूर हुआ है हादसा
ज्यादातर मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के रहने वाले
दैनिक समाचार, देहरादून/चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में सोमवार की देर रात को बारात से लौट रहा एक वाहन करीब 500 मीटर गहरे खाई में गिर गया। वाहन में सवार 14 लोगों की मौत हो गई है। चंपावत से करीब 65 किमी दूर शादी थी। हादसे की सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। यह दुर्घटना टनकपुर-चम्पावत हाईवे से जुड़ी सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर बुुड़म से लगभग तीन किलोमीटर आगे हुई है।

पुलिस के मुताबिक ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के बेटे मनोज सिंह की शादी में शामिल होने के लिए टनकपुर गए थे। बराती टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में हुई शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मैक्स वाहन संख्या-यूके—04—टीए— 4712 में सवार बारातियों का वाहन बीती रात 3 बजकर 20 मिनट के आस-पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। ज्यादातर मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। चालक की हालत ज्यादा गंभीर है। मृतक ककनई के डांडा और कठौती गांव के हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन क्षमता से अधिक सवारी होने से दुर्घटना की आशंका मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गंभीर रूप से घायल चालक और एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। डीआईजी निलेश भरणे ने बताया कि हादसा सुबह के वक्त हुआ है। जानकारी मिलते रेस्क्यू टीम पहुंच गई थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सूखीढांग-डांडा-मीनार सड़क पर दुर्घटना में 11 मृतकों की हुई पहचान
लक्ष्मण सिंह 61 पुत्र ध्यान सिंह, केदार सिंह 62 पुत्र दान सिंह, ईश्वर सिंह 40 पुत्र फतेह सिंह, उमेद सिंह 48 पुत्र गणेश सिंह, हयात सिंह 37 पुत्र दिवान सिंह, पुष्पा देवी 50 पत्नी शेर सिंह (सभी ककनई गांव) पुनी देवी 55 पत्नी नारायण सिंह, भगवती देवी 45 पत्नी होशियार सिंह (दोनों हल्द्वानी), बसंती देवी 35 (चंपावत), श्याम लाल 50 पुत्र दनी राम और विजय लाल 48 पुत्र ईश्वरी राम (दोनों डांडा)।

दो घायलों की भी हुई पहचान
सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुई मैक्स दुर्घटना में घायल दो लोगों की पहचान हो गई है। घायलों में प्रकाश राम (28) पुत्र हरीश राम, निवासी साल विकास खंड पाटी एवं त्रिलोक राम (42) पुत्र टीका राम, निवासी डाडा ककनई शामिल हैं। प्रकाश राम चालक है। मैक्स वाहन भी प्रकाश राम का ही बताया जा रहा है।