यूक्रेन में फंसे हैं उत्तराखंड के 188 नागरिक, सबसे अधिक हरिद्वार के बाशिंदे

सभी को सुरक्षित लाने के लिए किए जा रहे हैं प्रयास: डीजीपी अशोक कुमार
अभी तक की सूची के मुताबिक सबसे अधिक हरिद्वार के बाशिंदे हैं यूक्रेन में फंसे हुए

दैनिक समाचार, देहरादून: रूस व यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच शनिवार को डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि हमें उत्तराखंड के 188 लोगों के यूक्रेन में फंसे होने की सूचना मिली है। विदेश मंत्रालय उन्हें बाहर निकालने के लिए जरूरी इंतजाम कर रहे हैं। उत्तराखंड का हेल्पलाइन नंबर 112 है। वहीं, बीते रोज अपर सचिव गृह रिद्धिम अग्रवाल ने बताया था कि हेल्पलाइन नंबर 112 पर अब तक 151 नागरिकों की फंसे होने की सूचना मिली है। इसमें सबसे अधिक 39 देहरादून जिले के हैं।

डीजीपी अशोक कुमार

यूक्रेन में फंसे लोगों में ​फिलहाल मिली सूची के अनुसार ऊधमसिंह नगर के 20, टिहरी जिले के 10, अल्मोड़ा से एक, चमोली से दो, चंपावत से चार, पिथौरागढ़ से दो उत्तरकाशी से सात, पौड़ी गढ़वाल से 13, हरिद्वार से 26, रुद्रप्रयाग से पांच, नैनीताल से 22 नागरिक शामिल हैं। अपर सचिव गृह ने अपील की है कि उत्तराखंड के नागरिक जो विभिन्न कार्यों से यूक्रेन में निवासरत हैं, उनके स्वजन चिंतित व भयभीत न हों। अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन दून का हेल्पलाइन शुरू
यूक्रेन में फंसे देहरादून के छात्रों के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन शुरू की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने बताया कि यूक्रेन में फंसे व्यक्ति के बारे में 01352726066, 1077 (टोल-फ्री) व 7534826066 पर फोन कर नाम, यूक्रेन में पता, मोबाइल नंबर आदि का विवरण दर्ज करा सकते हैं। ई-मेल से deoc.pgrc.ddn@gmail.com पर भी जानकारी भेज सकते हैं। इसके अलावा सहायता के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर भी काल कर सकते हैं।

शासन की ओर से दो और नोडल अधिकारी बनाएं
शासन की ओर से पुलिस उपमहानिरीक्षक कानून व्यवस्था पी रेणुका व पुलिस अधीक्षक कानून व्यवस्था प्रमोद कुमार को नोडल अधिकारी बनाया है। कोई भी व्यक्ति डीआइजी पी रेणुका के मोबाइल 7579278144 और पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के मोबाइल नंबर 983778889 पर संपर्क कर सकते हैं।

——————————————————

Leave a Comment

error: Content is protected !!