कांवड़ मेला 2026 के दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने व्यापक विशेष रेल संचालन योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, दो नियमित ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार किया गया है और छह प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। यह विशेष व्यवस्था 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।
दिल्ली से हरिद्वार के लिए रात की स्पेशल ट्रेन
04313 दिल्ली शाहदरा–हरिद्वार स्पेशल (वाया मेरठ) का संचालन 22 से 25 जुलाई तक किया जाएगा। ट्रेन दिल्ली शाहदरा से रात 10:25 बजे रवाना होगी और गाजियाबाद (11:07 बजे), मेरठ (11:54 बजे), मुजफ्फरनगर (12:42 बजे), टपरी (1:40 बजे), रुड़की (2:24 बजे) तथा ज्वालापुर (4:16 बजे) होते हुए सुबह 4:25 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
हरिद्वार से दिल्ली शाहदरा के लिए वापसी स्पेशल
04314 हरिद्वार–दिल्ली शाहदरा स्पेशल (वाया मेरठ) हरिद्वार से दोपहर 3:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन निर्धारित सभी स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 8:40 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी।
ऋषिकेश से दिल्ली के बीच भी चलेगी विशेष ट्रेन
कांवड़ मेले के दौरान 04315/04316 योग नगरी ऋषिकेश–दिल्ली शाहदरा स्पेशल (वाया शामली) का संचालन भी किया जाएगा। इससे दिल्ली और ऋषिकेश के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
लखनऊ से ऋषिकेश के लिए भी विशेष सेवा
रेलवे 04317/04318 आलमनगर (लखनऊ)–योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल भी चलाएगा। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।
दो नियमित ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दो नियमित ट्रेनों का विस्तार हरिद्वार तक कर दिया है—
- 64557/64558 दिल्ली–सहारनपुर MEMU अब हरिद्वार तक संचालित होगी।
- 74023/74024 दिल्ली–शामली DEMU का भी हरिद्वार तक विस्तार किया गया है।
इन प्रमुख ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने निम्नलिखित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला किया है—
- 14113/14114 सूबेदारगंज–देहरादून लिंक एक्सप्रेस
- 14309/14310 एवं 14317/14318 लक्ष्मीबाई नगर–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस
- 19565/19566 उत्तरांचल एक्सप्रेस
- 22659/22660 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस
- 14609/14610 हेमकुंड एक्सप्रेस
- 14815/14816 श्रीगंगानगर–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस
इन स्टेशनों पर मिलेगा अतिरिक्त ठहराव
कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए अधिकांश ट्रेनों को रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। इससे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम रहेगा।
रेलवे की अपील
भारतीय रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन के संचालन, समय, प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी जानकारी NTES ऐप या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।








