महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंगलवार रात एक आवासीय इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। विले पार्ले वेस्ट इलाके में 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार रात करीब 10:02 बजे लगी। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में आग को लेवल-1 की श्रेणी में रखा गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद स्थिति गंभीर होने पर इसे लेवल-2 घोषित कर दिया गया।
करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग 11वीं मंजिल के एक हिस्से तक सीमित थी। इसकी चपेट में इलेक्ट्रिकल वायरिंग और इंस्टॉलेशन, एसी यूनिट, घरेलू सामान, सोफा, बेड, फॉल्स सीलिंग और रसोई के कुछ सामान आए। आग ने करीब 4,000 वर्ग फीट क्षेत्र को प्रभावित किया।
दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर करीब रात 1 बजे पूरी तरह काबू पा लिया। राहत और बचाव अभियान के दौरान इमारत से प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
8 लोग घायल, अस्पतालों में कराया गया भर्ती
इस घटना में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। इनमें से दो लोगों को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जबकि छह अन्य घायलों को नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो वर्षीय बच्चा भी शामिल है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारण की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में आग के दायरे में इलेक्ट्रिकल वायरिंग और एसी यूनिट समेत कई घरेलू सामान के आने की बात सामने आई है। अधिकारियों की जांच के बाद आग के वास्तविक कारण और नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
मुंबई फायर हादसा: विले पार्ले वेस्ट में हुई इस घटना ने ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।








