हैदराबाद में शनिवार शाम अभिनेता यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale For Grown-Ups’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक और छात्र पहुंचे थे। इसी दौरान मंच के पास लगा साउंड और लाइटिंग सिस्टम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए।
कार्यक्रम में यश को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस लगातार लोगों से पीछे हटने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रही थी। कार्यक्रम स्थल से सामने आए वीडियो में कुछ लोगों को आसपास लगे ढांचों पर चढ़ते हुए भी देखा गया।
बताया गया कि जिस समय यश मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान साउंड और लाइटिंग से जुड़ा एक ढांचा नीचे आ गिरा। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना में घायल दोनों लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, घायलों में से एक व्यक्ति कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गया था।
हादसे की जानकारी मिलते ही यश ने अपना संबोधन रोक दिया और मंच से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भीड़ से सावधानी बरतने की अपील करते हुए आयोजकों और अधिकारियों से घायल लोगों की स्थिति जांचने को कहा।
आयोजकों की ओर से स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी मिलने के बाद यश ने अपना संबोधन दोबारा शुरू किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों और प्रशंसकों से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षित रहने तथा भीड़ के बीच सावधानी बरतने की अपील की।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘Toxic’
यश की फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale For Grown-Ups’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसे कन्नड़ के साथ हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।








