भारतीय शिक्षा बोर्ड राष्ट्रीय खेल 2026: पहली बार शतरंज और अंडर-14 वर्ग शामिल, जानें पूरा शेड्यूल

हरिद्वार, 7 सितंबर। भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता में बीएसबी से मान्यता प्राप्त 250 से अधिक विद्यालयों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में हिस्सा लेंगे। इस बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की खास बात यह है कि शतरंज को पहली बार शामिल किया गया है, जबकि अंडर-14 आयु वर्ग को भी पहली बार प्रतियोगिता का हिस्सा बनाया गया है।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर भारतीय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय, हरिद्वार में विभिन्न खेलों के समन्वयकों और पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीएसबी के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर स्वामी पुण्यदेव ने की।

बैठक में अलग-अलग खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों की भागीदारी, आयोजन स्थलों की तैयारियों और प्रतियोगिताओं को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारु रूप से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल हुआ शतरंज

द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में इस वर्ष शतरंज को पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है। शतरंज प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित होगी। इसमें बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।

इसके अलावा अंडर-14 आयु वर्ग को भी इस वर्ष पहली बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। पिछले वर्ष प्रतियोगिताएं मुख्य रूप से अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित की गई थीं।

बोर्ड का मानना है कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है। इसी उद्देश्य से अधिक से अधिक संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

खेलों के साथ शैक्षिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं पर भी जोर

बैठक में विद्यार्थियों के सर्वांगीण और बहुआयामी व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर भी विचार किया गया।

इनमें श्रीमद्भगवद्गीता स्मरण, निबंध लेखन, सामान्य ज्ञान (GK), चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन भविष्य में देशभर में करने की योजना पर चर्चा की गई।

अलग-अलग राज्यों में होंगे राष्ट्रीय खेल

भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता एक ही स्थान पर आयोजित होने के बजाय देश के अलग-अलग राज्यों में निर्धारित आयोजन स्थलों पर होगी। प्रतियोगिताओं की शुरुआत सितंबर में होगी और अक्टूबर में खो-खो प्रतियोगिता के साथ इसका समापन किया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का पूरा शेड्यूल

तारीख खेल आयोजन स्थल
14-15 सितंबर 2026 कबड्डी, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केटबॉल और रेसलिंग आचार्यकुलम्, हरिद्वार, उत्तराखंड
19-20 सितंबर 2026 एथलेटिक्स कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, वाराणसी, उत्तर प्रदेश
26-27 सितंबर 2026 योग ब्लू बेल स्कूल, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
3-4 अक्टूबर 2026 वॉलीबॉल और हैंडबॉल सनराइज पब्लिक स्कूल, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
10-11 अक्टूबर 2026 शतरंज एसआर कैपिटल पब्लिक स्कूल, दिल्ली
24-25 अक्टूबर 2026 खो-खो बीएस इंटरनेशनल स्कूल, हापुड़, उत्तर प्रदेश

24-25 अक्टूबर 2026 को हापुड़ में होने वाली खो-खो प्रतियोगिता के साथ भारतीय शिक्षा बोर्ड की द्वितीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का समापन होगा।

तैयारियों की लगातार होगी समीक्षा

बैठक में पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संबद्ध विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सभी आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

प्रतियोगिता को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियों की लगातार समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सत्येंद्र सिंह, वंदना, कुसुम रावत, स्वाती यादव, संजीव और अमित दानी सहित खेल समन्वयक टीम के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बीएसबी की ओर से प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, आयोजन व्यवस्था और खेलों के सफल संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

🔮 आज का राशिफल