देश के प्रथम गांव माणा की बेटियां तैयार करती हैं पवित्र ऊनी कंबल
ज्योतिर्मठ के ब्रह्मचारी वर्षभर गौसेवा कर जुटाते हैं विशेष घृत
16 नवंबर सोमवार की रात कपाट बंद होने के साथ संपन्न हुआ पूरा अनुष्ठान
हरिद्वार/ज्योतिर्मठ।
क्या आप जानते हैं कि बद्रीनाथ धाम में भगवान बद्रीविशाल को भीषण शीतकाल से बचाने के लिए सदियों पुरानी एक अनूठी परंपरा निभाई जाती है? इसमें भगवान के श्रीविग्रह को शुद्ध देसी घृत से अभिसिंचित ऊनी कंबल ओढ़ाया जाता है। ‘घृत कंबल’ नाम से प्रसिद्ध यह परंपरा बद्रीनाथ धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का विशिष्ट हिस्सा है। इसकी खास बात यह है कि इस अनुष्ठान के लिए घृत किसी सामान्य स्रोत से नहीं, बल्कि ज्योतिर्मठ में सेवित बदरीश गाय के शुद्ध देसी घृत से तैयार किया जाता है। बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के अवसर पर यह विशेष अनुष्ठान संपन्न किया जाता है। दूसरी ओर, 16 नवंबर की रात ठीक 9:37 मिनट पर छह महीने के लिए भगवान बद्री विशाल के कपाट बंद कर दिये गये।
इसी क्रम में ज्योतिर्मठ की ओर से बदरीश गाय का शुद्ध देसी घृत श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी शोभन सिंह रांगण को आज विधिवत सौंपा गया। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने घृत का अवलोकन किया। इसके बाद ज्योतिर्मठ के वरिष्ठ ब्रह्मचारी सहजानंद महाराज ने इसे मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी को सुपुर्द किया।
ज्योतिर्मठ के स्थानीय गौभक्तों के सामूहिक प्रयास से हर वर्ष इस विशेष अनुष्ठान के लिए बदरीश गाय का शुद्ध घृत तैयार किया जाता है। ज्योतिर्मठ के ब्रह्मचारी वर्षभर गाय की सेवा करते हुए इस परंपरा के लिए घृत की व्यवस्था में जुटे रहते हैं। यह पहल गौसेवा, धार्मिक आस्था और हिमालय की प्राचीन परंपराओं के संरक्षण का भी उदाहरण है। इस अवसर पर स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि, शारदानन्द ब्रह्मचारी, तीर्थानंद ब्रह्मचारी, कमलेश भारद्वाज और खेमराज शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9:37 बजे विधि-विधान और शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर सोमवार को बदरीनाथ धाम में प्रकृति, आस्था, श्रद्धा और परंपरा का अलौकिक संगम देखने को मिला।
————————————————-
माणा की बेटियों के हाथों तैयार होता है घृत कंबल
इस परंपरा की एक और विशेषता देश के प्रथम गांव माणा की बेटियों की सहभागिता है। कपाट बंद होने से पहले माणा गांव की कुंवारी कन्याएं विशेष ऊन से भगवान बद्री विशाल के लिए पवित्र कंबल बुनती हैं। दूसरी ओर ज्योतिर्मठ के ब्रह्मचारी बदरीश गाय का शुद्ध देसी घृत तैयार करते हैं। कपाट बंद होने के अवसर पर इसी कंबल को घृत से अभिसिंचित कर भगवान के श्रीविग्रह पर ओढ़ाया जाता है। मान्यता है कि शुद्ध घृत कभी बासी नहीं होता, इसलिए इसे इस पवित्र अनुष्ठान में समर्पित किया जाता है। इस तरह एक ओर गौसेवा और दूसरी ओर माणा की बेटियों के पारंपरिक हुनर का संगम इस अनूठी परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए हुए है।

—————————————————-
कपाट बंद होने के साथ शीतकालीन प्रवास की परंपरा
बद्रीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले पांच दिवसीय पंच पूजा का विधान संपन्न किया जाता है। इसी क्रम में माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान कराया जाता है और निर्धारित धार्मिक विधि के अनुसार भगवान बद्रीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद होते हैं। कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव और कुबेर जी की उत्सव मूर्तियां पांडुकेश्वर स्थित योग बदरी तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में शीतकालीन प्रवास के लिए पहुंचती है। इन शीतकालीन पूजा स्थलों पर अगले छह महीने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना जारी रहती है।
————————————–
चारों धाम में शीतकालीन पूजा की तैयारी, बद्रीनाथ में बर्फबारी
उत्तराखंड की वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंच गई है। इसके बाद 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी बंद कर दिए गए। केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे और यमुनोत्री के कपाट सुबह 10:28 बजे बंद हुए। बाबा केदार की उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और मां यमुना की डोली खरसाली स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंच चुकी है। अब बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर की रात्रि 9:37 बजे बंद होने के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। उधर, हिमालयी क्षेत्रों में मौसम ने भी शीतकाल की दस्तक तेज कर दी है। 15 नवंबर को बद्रीनाथ धाम और आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी हुई। इससे पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई और कड़ाके की ठंड बढ़ गई। बर्फ से ढकी चोटियों के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और गिरते तापमान के चलते अब चारों धामों में नियमित यात्रा के बजाय शीतकालीन पूजा स्थलों पर धार्मिक गतिविधियां संचालित होंगी।








