5 प्रतिशत से कम बुकिंग वाले स्टेशनों पर मेल ट्रेनों का स्टॉपेज होगा खत्म

  • रेलवे ने लिया अहम निर्णय, सोशल मीडिया पर शेयर की जानकारी
  • 25 प्रतिशत से अधिक बुकिंग वाले स्टेशन ठहराव के लिए जुड़ेंगे
  • एक स्टॉपेज खत्म होने से 8 से 10 मिनट के समय की होगी बचत

नई दिल्ली/हरिद्वार: भारतीय रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। 5 प्रतिशत से कम बुकिंग वाले स्टेशनों पर मेल एक्सप्रेस का ठहराव जल्द खत्म किया जाएगा। साथ ही, जहां यात्रियों की डिमांड ज्यादा होगी, वहां नए स्टॉपेज खुद ही जुड़ जाएंगे। रेलवे एआई तकनीक से इस योजना को लागू करने जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे ट्रेनों के सफर का समय 30 मिनट से दो घंटे तक कम हो सकता है।

भारतीय रेलवे ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसकी जानकारी शेयर की है। सोशल मीडिया पर इस जानकारी को साझा करने के बाद जहां कुछ यूजर्स ने इस निर्णय की सराहना की है, वहीं कुछ लोगों ने छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को लेकर सवाल भी उठाए हैं।

रेलवे ने यह तय किया है कि एआई आधारित सिस्टम से स्टॉपेज तय होंगे। पिछले 180 दिनों की टिकट बुकिंग के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच जिन स्टेशनों पर बुकिंग शून्य रहती है, वहां सबसे पहले स्टॉपेज हटाए जाएंगे। जिन स्टेशनों पर यात्रियों की बुकिंग डिमांड 25 प्रतिशत से ज्यादा होगी, उन्हें नए स्टॉपेज के रूप में जोड़ा जाएगा।

रेलवे के मुताबिक, इससे हर स्टॉपेज पर 18 हजार से 20 हजार रुपये तक के ऑपरेशन लागत में कमी आएगी। अहम बात यह भी है कि एक स्टॉपेज हटने से 8 से 10 मिनट तक का समय बचता है। रेलवे ने फिलहाल इसे उत्तर मध्य रेलवे से शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके अंतर्गत दिल्ली, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के रूट शामिल हैं।

रेलवे स्टॉपेज खत्म होने वाले स्टेशनों पर बढ़ाएगी मेमू-पैसेंजर ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी

रेलवे स्टॉपेज खत्म होने वाले स्टेशनों का भी ध्यान रख रही है। रेलवे ने कहा है कि जिन स्टेशनों से मेल ट्रेनों का स्टॉपेज खत्म किया जा रहा है, वहां मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ाई जाएगी। रेलवे ने यह भी बताया कि नजदीकी बड़े स्टेशन पर खत्म किए गए स्टॉपेज को शिफ्ट कर दिया जाएगा।

उत्तराखंड से गुजरात के लिए अब सीधी रेलगाड़ी

रेलवे ने गर्मी के मौसम में उत्तराखंड के लोगों को बड़ी राहत दी है। उत्तराखंड के लालकुंआ स्टेशन से राजकोट (गुजरात) के लिए स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी।

यह रेलगाड़ी जयपुर, मथुरा और आगरा जैसे बड़े स्टेशनों को जोड़ेगी। लालकुंआ से राजकोट जाने वाली ट्रेन का नंबर 05045 होगा, जबकि राजकोट से लालकुंआ आने वाली साप्ताहिक ट्रेन का नंबर 05046 होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

🔮 आज का राशिफल