यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 33 लोगों की मौत, कई जिलों में भारी नुकसान

उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। खराब मौसम और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा असर भदोही, फतेहपुर, बदायूं, चंदौली और सोनभद्र जिलों में देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे मकान गिर गए।

राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर राहत कार्य पूरा करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भदोही जिले में सबसे ज्यादा 16 लोगों की मौत दर्ज की गई है। प्रशासन के अनुसार, तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ और दीवारें गिर गईं। कई घरों की छतें उड़ गईं और बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण राहत और बचाव कार्य में परेशानी आई।

फतेहपुर जिले में नौ लोगों की जान चली गई, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने बताया कि कई गांवों में कच्चे मकान गिरने और पेड़ टूटने से हादसे हुए। कुछ इलाकों में महिलाएं और बच्चे भी इसकी चपेट में आए।

बदायूं जिले में भी तेज तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। यहां पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बिसौली क्षेत्र के एक गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। बताया गया कि तेज हवाओं के दौरान परिवार के लोग झोपड़ी में शरण लेने पहुंचे थे, तभी दीवार अचानक ढह गई। इस हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल भी हुईं।

एक अन्य घटना में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। वहीं एक ट्रक चालक की भी जान चली गई, जब सड़क किनारे खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ उसके वाहन पर गिर पड़ा।

चंदौली और सोनभद्र जिलों में भी तूफान के कारण मौतों की खबरें सामने आई हैं। कहीं पेड़ गिरने से तो कहीं दीवार ढहने से लोगों की जान गई। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत दल तैनात कर दिए हैं और क्षति का आकलन शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व और कृषि विभाग को फसल और संपत्ति के नुकसान का सर्वे करने को कहा गया है। बीमा कंपनियों को भी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सरकार को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों या कमजोर ढांचों के पास न जाने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

🔮 आज का राशिफल