15 साल का दर्द, हजारों सवाल और अनगिनत रातें… आखिर आज सत्य की सुबह हुई

जीवन में कई बार ऐसा मोड़ आता है जब इंसान को बिना किसी कसूर के अपमान, अपयश और मानसिक प्रताड़ना के उस भंवर में ढकेल दिया जाता है जहां से बाहर निकलने का हर रास्ता बंद नजर आता है। डेढ़ दशक (15 वर्ष) का समय कोई छोटा समय नहीं होता। 15 साल का मतलब है, 5,479 लंबे दिन और उतनी ही रातें। इतनी लंबी अवधि तक झूठे मुकदमों के साए में जीना, हर पल अपनी सत्यता को साबित करने की जंग लड़ना और समाज के तानों व अफवाहों के थपेड़े सहना… यह किसी साधारण इंसान को भीतर तक तोड़ देने के लिए काफी था।

आज सीबीआई कोर्ट देहरादून ने फर्जी दस्तावेज और पासपोर्ट मामले में पतंजलि के महामंत्री और आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण को पूरी तरह से बाइज्जत बरी (Acquit) किया है तो यह केवल एक कानूनी फैसला नहीं है। यह उन करोड़ों दिलों की आस की जीत है जो इस पूरी यात्रा में अदृश्य रहकर केवल प्रार्थनाएं कर रहे थे।

साजिशों का चक्रव्यूह और संयम की मर्यादा

जब मामला शुरू हुआ था तो केवल एक कानूनी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी। उसके साथ शुरू हुआ था मीडिया ट्रायल, चरित्र हनन और एक बनी-बनाई साख को मिट्टी में मिलाने का कुत्सित प्रयास। बीते डेढ़ दशक में कई थपेड़े आए। विरोधी मुस्कुराते रहे, उंगलियां उठती रहीं, और हर मोड़ पर नीचा दिखाने की हर संभव कोशिश की गई।

लेकिन सत्य की सबसे बड़ी ताकत यह होती है कि वह शोर नहीं मचाता, वह धैर्य रखता है। आचार्य श्री और योग ऋषि स्वामी रामदेव ने इस पूरे घटनाक्रम में जिस संयम, विवेक और मर्यादा का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है। जिस इंसान ने अपना पूरा जीवन जन-सेवा, आयुर्वेद के पुनरुद्धार और मानवीय कल्याण के लिए समर्पित कर दिया हो उसे अपने ही देश में अपनी निष्ठा का प्रमाण पत्र देना पड़े—इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती थी?

गुरुसत्ता, बुजुर्ग, जनमानस का निश्छल प्रेम ढाल बना

सोना जब आग में तपता है, तभी उसका खरापन पूरी दुनिया के सामने आता है। इन 15 वर्षों में ईश्वर पर अगाध विश्वास, गुरुसत्ता का मार्गदर्शन, बुजुर्गों का आशीर्वाद और आम जनमानस का निश्छल प्रेम ही वह ढाल बना, जिसने आचार्य श्री को टूटने नहीं दिया।

आज जब वे बेदाग (Unblemished) होकर बाहर निकले हैं, तो उनके शब्दों के भाव केवल आभार नहीं हैं बल्कि उस हर श्वास का अहसास हैं जो उन्होंने इस लंबे संघर्ष के दौरान ली है।

‘विगत 15 वर्षों से एक झूठे मुक़दमे में फंसाकर अपमान एवं अपयश व मानसिक प्रताड़ना में झोंककर भीतर तक तोड़ने का असफल प्रयास किया, अंततः ईश्वरीय कृपा, गुरुसत्ता, बड़ों के आशीर्वाद एवं आप सब के प्रेम, प्रार्थना व सद्भावनाओं से माननीय CBI न्यायालय द्वारा सत्य की विजय हुई…’

योग ऋषि स्वामी रामदेव महाराज ने भी कहा ‘यह सत्य की जीत है’। यह उस सत्यनिष्ठा का उद्घोष है जो इतने वर्षों से आरोपों की धूल के नीचे दबी हुई थी।

सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं

यह फैसला केवल एक व्यक्ति की बरी करने का नहीं है बल्कि यह उन सभी लोगों के लिए एक नया उजाला है जो कभी न कभी अन्याय और साजिशों के शिकार होते हैं। यह संदेश है कि सत्य थोड़ा परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित कभी नहीं।

आज जब वे निष्कलंक होकर मुस्कुरा रहे हैं, तो उनका हर समर्थक, हर शुभचिंतक उस भाव को महसूस कर रहा है। न्याय के इस सूर्योदय ने अतीत के सारे अंधेरों को एक झटके में मिटा दिया है। आज सिर गर्व से ऊंचा है, आंखें कृतज्ञता से नम हैं और दिल में बस एक ही ध्वनि है-सत्यमेव जयते।

Leave a Comment

और पढ़ें

🔮 आज का राशिफल